नपं तलाई में 12 करोड़ से होगा विकास

शाहतलाई (बिलासपुर)। नगर पंचायत तलाई ने इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलप्मेंट स्कीम फार स्माल एंड मीडियम टाउन (यूआईडीएसएसएमटी) के तहत केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को 12 करोड़ 72 लाख 24 हजार रुपये का प्रपोजल तैयार कर स्वीकृति को भेजा है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद नगर पंचायत तलाई में विभिन्न विकास कार्य सिरे चढ़ेंगे।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्षा सरोज कुमारी और उपाध्यक्ष पवन कौशल ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से नगर पंचायत में विकास कार्य करवाए जाएंगे। नगर पंचायत के तहत नाले, खड्ड, सरहयाली खड्ड में भूमि कटाव को रोकने के लिए तटीयकरण के लिए पांच करोड़, 88 लाख 72 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों के निर्माण, सुधार पर एक करोड़ 95 लाख 36 हजार, नालियों के निर्माण पर 70 लाख 38 हजार, रास्तों के रखरखाव, निर्माण पर 2 करोड़, 21 लाख 89 हजार, शहर की सुंदरता के लिए बजट रखा गया है। योजना के तहत नगर पंचायत में विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। योजना में 80 फीसदी भारत सरकार शहरी विकास मंत्रालय, 10 फीसदी प्रदेश सरकार, 10 फीसदी सहभागिता कमेटी की हिस्सेदारी होगी। योजना को तैयार करने में सचिव अशोक शर्मा, कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्यों का अहम योगदान रहा है। शहर में विकास कार्य आम जनता के सहयोग से किए जाएंगे। जिससे धार्मिक नगरी को एक मॉडल टाउन के रूप में निखारा जाए।

Related posts