नक्सल मामले में विधानसभा को भी गुमराह किया सरकार ने’

रायपुर: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक मोहम्मद अकबर ने नक्सल मामले में आम लोगों को ही नही बल्कि विधानसभा तक को गुमराह करने का राज्य सरकार पर आरोप लगाया है।

अकबर ने आज यहां जारी बयान में कहा कि पिछले वर्ष दो अप्रैल को ग्राम सुराज अभियान के दौरान सुकमा के तत्कालीन कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन का अपहरण नक्सलियों ने कर लिया था। विधानसभा में सरकार ने बताया कि कलेक्टर की निशर्त रिहाई हुई जबकि सच यह है कि रिहाई सशर्त हुई।

उन्होंने नक्सलियों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच उनके द्वारा हस्ताक्षरित अनुबंध की प्रति मीडिया को जारी करते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि राज्य के गृह सचिव की गवाही में हुए अनुबंध को सरकार क्यों छुपाना चाहती है। अकबर ने कहा कि रमन सरकार नक्सली समस्या को लेकर कभी गंभीर नही रही बल्कि काम चलाऊ तौर तरीके से काम करती रही है। उन्होंने कहा कि उसके इस तौर तरीके से गंभीर परिणाम होते रहे है।

Related posts