
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलाल आनंद कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉक्टर जी एन साईबाबा के घर बृहस्पतिवार दोपहर महाराष्ट्र पुलिस ने तलाशी ली। महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ सर्च वारंट लेकर आई थी। घर की तलाशी के दौरान महाराष्ट्र पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्थानीय थाने के पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर के नक्सलियों से संबंध होने के शक में महाराष्ट्र पुलिस ने घर की तलाशी ली। पुलिस ने घर से कई मोबाइल और लैपटॉप को अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे पचास की संख्या में पुलिसकर्मी सहायक प्रोफेसर डॉक्टर जी एन साईबाबा के कैंपस स्थित घर पर दबिश दी। टीम का नेतृत्व महाराष्ट्र के गडचिरौली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशि कुमार कर रहे थे।
टीम ने करीब दो घंटे तक घर की तलाशी ली। इस दौरान घर में सहायक प्रोफेसर उनकी पत्नी और पंद्रह वर्षीय बेटी मौजूद थी। उनके घर पर पुलिस की दबिश की जानकारी मिलते ही अन्य प्रोफेसर और सहकर्मी उनके घर पहुंचे। प्रोफेसरों का आरोप है कि जी एन साईबाबा पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी को उनके घर में जाने या फिर घर के किसी सदस्य को किसी से मिलने की इजाजत नहीं दी। तलाशी अभियान के दौरान सहायक प्रोफेसर को किसी से फोन पर बात करने की भी इजाजत भी नहीं दी गई। यहां तक कि उन्हें अपने वकील से भी बात नहीं करने दी गई।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस को सहायक प्रोफेसर पर नक्सलियों से संबंध होने का शक है। पुलिस ने उनके घर से कई पेन ड्राइव, लैपटॉप और मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लिया है।
