नकली मेडिकल उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नकली मेडिकल उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि इंस्पेक्टर कुलवीर सिंह को सूचना मिली थी कि एक शख्स नकली मेडिकल ट्रीटमेंट उपकरण सप्लाई करने के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पास बाबा खड़क सिंह मार्ग पर आएगा। इसके बाद इंस्पेक्टर कुलवीर की देखरेख में एसआई रितेश कुमार की टीम ने बाइक पर आए आरोपी गणेश कुमार शर्मा को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि उसने विदेशी कंपनी के नाम पर नकली मेडिकल उपकरण बनाने की मादीपुर में फैक्ट्री लगा रखी थी। इस पर पुलिस में फैक्ट्री में दबिश देकर दूसरे आरोपी गुलशन कुमार को पकड़ लिया। पुलिस ने वहां से वन टच होरीजन सुगर टेस्ट स्ट्रिप के 370 बॉक्स, 200 डुप्लीकेट डायलिसिस गाइड वायर और 500 डुप्लीकेट फीमोरल केथेटर ऑफ मेडकॉम्प आदि बरामद किए। आरोपी अस्पताल में इन डुप्लीकेट उपकरणों को सप्लाई कर भारी मुनाफा कमाते थे। गुलशन कुमार के पिता एमसीडी में काम करते हैं। वहीं, मथुरा निवासी गणेश कुमार के पिता यूपी के एग्रीकल्चर विभाग में इंजीनियर हैं।

Related posts