
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि विधायकों और अन्य लोगों की ओर से प्रदेश में नए स्कूल खोलने या स्कूलों को अपग्रेड करने को लेकर आई मांगों पर वह दो-तीन के भीतर फैसला लेंगे। इन लंबित सिफारिशों में से कुछ स्कूल इसी वित्त वर्ष में खोल देंगे और कुछ को अगले साल में डालेंगे। वह प्रश्नकाल के दौरान आशा कुमारी के सवाल का जवाब दे रहे थे।
बंजार के विधायक कर्ण सिंह के अनुपूरक सवाल पर मुख्यमंत्री ने सदन में ही ऐलान कर दिया कि कुल्लू के गाड़ा गुशैणी में डिग्री कालेज खोला जाएगा। इसकी अधिसूचना जल्द की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले एक साल में करीब 230 सरकारी स्कूलों को अपग्रेड किया। इनमें 107 मिडल, 56 हाई और 67 सीनियर सेकेंडरी बनाए गए। इसी अवधि में 65 नए प्राइमरी स्कूल खोले। नए स्कूलों में चंबा में 12, कुल्लू में 2, मंडी में 13, शिमला में 14, सिरमौर में 22 और सोलन एवं ऊना में 1-1 प्राइमरी स्कूल शामिल हैं। 13 डिग्री कालेज भी प्रदेश में खोले गए। इनमें गाड़ा गुशैणी का कालेज भी शामिल है।
बाक्स—-
नए स्कूल के लिए अलग से बजट नहीं
वीरभद्र सिंह ने सदन को यह जानकारी भी दी कि राज्य में नए स्कूल खोलने के लिए अलग से बजट प्रावधान नहीं किया जाता। ये सारा काम विभागीय बजट से ही किया जाता है। जहां तक डिग्री कालेजों का प्रश्न है तो इस बारे में हाईकोर्ट ने कुछ दिशा निर्देश तय करने को कहा था। नया कालेज खोलने के इन मापदंडों को 2 जनवरी 2014 को जारी अधिसूचना के तहत लागू किया गया है।
