नए औद्योगिक क्षेत्र को 1500 कनाल जमीन

पंजावर/हरोली (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले के पंडोगा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए करीब 1500 कनाल जमीन चिह्नित कर ली गई है। यहां सभी आधारभूत सुविधाएं प्रदान करके औद्योगिक निवेश को आमंत्रित किया जाएगा। सरकार ने झलेड़ा से वनखंडी तक सड़क के नवीनीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की है। यह सड़क स्तरोन्नत होने से यहां औद्योगिक विकास एवं धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। उद्योग मंत्री शनिवार को पंडोगा की राजकीय माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने स्थानीय जनता की मांग पर इस स्कूल को बतौर हाई स्कूल स्तरोन्नत करने की घोषणा की। कहा कि स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए जरूरी बजट मुहैया करवाया जाएगा।
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को देश का औद्योगिक हब बनाने के लिए गंभीरता से कदम उठा रही है। प्रदेश में अधिक से अधिक औद्योगिक निवेश आमंत्रित करने के लिए देश के विभिन्न भागों में निवेशक सम्मेलन और रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की स्थापना की गई है। पंडोगा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से जिले में औद्योगिकीकरण की गति तेज होगी। बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकु र, जिला परिषद सदस्य दर्शना देवी, कैप्टन जगदेव और वीरेंद्र मनकोटया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts