नई पार्किंग दरों के लिए नहीं हो रही कोई पहल

नई दिल्ली। एनडीएमसी अधिकारी पार्किंग फीस बढ़ाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दिलाकर सो गए है, क्योंकि प्रस्ताव पारित होने के तीन माह बाद उसे अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है। जबकि उसकी समस्त पार्किंग का ठेका गत 31 मार्च को समाप्त हो चुका है। विभाग के अधिकारी पिछले दो माह से अगले माह की पहली तारीख से पार्किंग दरें लागू होने के दावे कर रहे है।
एनडीएमसी ने गत 10 अप्रैल को अपनी बैठक में पार्किंग व्यवस्था एवं फीस में भारी रद्दोबदल की थी। उसने पार्किंग की श्रेणी तीन से कम करके दो की थी और पार्किंग फीस में करीब दो गुणा बढ़ोतरी की थी। बैठक में संबंधित अधिकारियों को पार्किंग की नई व्यवस्था जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए थे। मगर अधिकारियों ने तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई पहल नहीं की।
सूत्रों के अनुसार पार्किंग ठेकेदारों से सांठगांठ के चलते ही अधिकारियों ने नई पार्किंग फीस लागू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं की है। जबकि टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में एक माह भी नहीं लगता। खास बात यह है कि पार्किंग के नए सिरे से टेंडर करने में कोई भी अड़चन नहीं है। क्योंकि उसकी समस्त 41 पार्किंग का ठेका 31 मार्च को समाप्त हो चुका है। वैसे भी नियमों के अनुसार अधिकारियों ने टेंडर खत्म होने से पहले ही नए टेंडर की प्रक्रिया आरंभ करनी चाहिए। पार्किंग के नए सिरे से टेंडर होने के बारे में जब विभाग के प्रमुख और प्रवक्ता एके मिश्रा से बात की तो उन्होंने बात करने से किनारा कर लिया।

Related posts