नंगल कलां में दो टिप्पर पलटे

टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित सरकारी स्कूल के समीप एक तीखे मोड़ पर दो टिप्पर पलट गए। हादसे में दोनों टिप्परों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनमें से एक को उपचार के लिए पंजाब के लुधियाना ले जाया गया है। वहीं, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह टाहलीवाल मुख्य मार्ग पर क्षेत्र के एक क्रशर से कंकरीट लेकर पंजाब की ओर जा रहे दो टिप्पर पीबी- 05एस-9899 और पीबी-65 जी 9435 नंगल कलां स्कूल के पास गहरी उतराई में अनियंत्रित होकर पलट गए। एक टिप्पर विद्युत बोर्ड के खंभे और ताराें को तोड़ता हुआ ठीक स्कूल के पीछे खेत में जा पलटा, जबकि दूसरा सड़क पर ही पलट गया। टिप्पराें के पलटने के साथ ही ग्रामीणों ने चालकाें एवं परिचालकों को बाहर निकाला। जिनमें से एक चालक की गंभीर चोटों को देखते हुए उसे लुधियाना ले जाया गया है। पंचायत प्रधान अर्जुन सिंह ने कहा कि सुबह का समय होने की वजह से इस मार्ग पर ट्रैफिक कम था। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस मोड़ पर पहले भी दर्जनों हादसे हो चुके हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिप्पर चालकों में से एक का नाम राजेंद्र सिंह है, जो पंजाग के जगराओं का रहने वाला है। जबकि लुधियाना ले जाए गए चालक का नाम का अभी पता नहीं चल सका है।

Related posts