धोनी को हेलीकॉप्टर शॉट सिखाने वाले दोस्त संतोष की मौत

धोनी को हेलीकॉप्टर शॉट सिखाने वाले दोस्त संतोष की मौत

नई दिल्ली: भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के करीबी मित्र संतोष लाल का बुधवार को निधन हो गया। रणजी खिलाड़ी संतोष लाल अग्नाश्य संबंधी बीमारी से ग्रस्त थे। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को दिल का दौरा पडऩे से उनका निधन हो गया।

लाल के मित्र रमेश कुमार ने बताया कि पेट में असहनीय दर्द होने के बाद संतोष को 12 जुलाई को रांची के गुरूनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान अग्नाश्य संबंधी बीमारी के बारे में पता चला। सोमवार को अचेत अवस्था में लाल को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया था। धोनी ने लाल के साथ कई रणजी मैच खेले हैं। धोनी ने मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट संतोष लाल से ही सीखा था। धोनी के मित्र और पूर्व प्रशिक्षक चचंल भट्टाचार्य ने बताया कि भारतीय कप्तान ने हाल ही में अपने बचपन के मित्र का हलचाल पूछा था। वे उनके अच्छे इलाज में हर संभव मदद कर रहे थे।

भट्टाचार्य ने बताया कि धोनी के अलावा अन्य मित्र भी लाल की मदद के लिए आगे आए थे,सभी ने मिलकर उनके इलाज के लिए धन एकत्रित किया था। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के एक पदाधिकारी ने बताया था कि संघ ने लाल के इलाज के लिए एक लाख रुपए की मदद की थी,जबकि संघ के सदस्यों ने आपस में 39,500 रुपए एकत्रित कर उनके परिजनों को दिए थे।

Related posts