
भोरंज (हमीरपुर)। धूमल और अनुराग सेवा की नहीं सौदेबाजी की राजनीति करते हैं। दस वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद धूमल ने हमीरपुर के लिए कुछ नहीं किया है। कार्यकाल के दौरान उन्होंने मात्र अपने पुत्र अनुराग ठाकुर को सांसद बनाया है।
भरेड़ी में कार्यकर्ता जागरूकता अभियान के शुभारंभ पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की तरह कांग्रेस सौदेबाजी की राजनीति नहीं करती है। समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाना कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य है। 120 करोड़ आबादी को खाद्य सुरक्षा कानून का अधिकार देना प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया। धूमल ने अनुराग ठाकुर को सांसद तो बना दिया है लेकिन सांसद बनने के बाद अनुराग विदेश के दौरों में ही व्यस्त रहे हैं। चुनाव सिर पर आते देख उन्हें दोबारा जनता की याद आ गई है। प्रदेश के सहप्रभारी और उत्तर प्रदेश के सांसद राजा रामपाल ने कहा कि लोस चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एकजुट होने की जरूरत है। प्रदूषण बोर्ड के सदस्य प्रेम कौशल ने कहा कि भोरंज में अनुराग के खिलाफ हवा चल पड़ी है। पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी सुरेश कुमार ने कहा कि भोरंज का विकास कांग्रेस की देन है। भाजपा ने भोरंज में कोई विकास कार्य नहीं किया है। प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं को भोरंज में हार का कारण नेताओं की आपसी फूट बताया। उन्हें एक साथ मिलकर काम करने की नसीहत दी। जनसभा से पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजीव मैहर की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं को 2014 के चुनाव को लेकर टिप्स दिए गए।
