
शिमला। राजधानी शिमला में गैर पंजीकरण के चल रहे दो होटलों को पर्यटन विभाग ने पकड़ा है। होटलों में बिना पंजीकरण सैलानियों को ठहराया जा रहा था। रविवार को कार्रवाई के बाद सोमवार को पर्यटन विभाग अवैध रूप से चल रहे इन होटलों के बिजली व पानी के कनेक्शन काटने के लिए नगर निगम को लिखेगा। वहीं, होटलों में रिसेप्शन पर रेट लिस्ट न लगाने वालों पर भी विभाग ने कार्रवाई की है। पर्यटन विभाग के उप निदेशक सुरेंद्र जस्टा ने इसकी पुष्टि की है।
पर्यटन सीजन के रफ्तार पकड़ते ही पर्यटन विभाग ने अवैध रूप से चल रहे होटलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पर्यटन विभाग के इंस्पेक्टर (होटल) रवि धीमान की अगुवाई में शहर में रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर जांच पड़ताल के दौरान बिना पंजीकरण चल रहे दो होटल पकडे़ गए हैं। होटलों की रिसेप्शन पर किराये पर चढ़े कमरों, खाली कमरों व रूम रेंट की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित न करने वाले होटल संचालकों पर भी विभाग ने कार्रवाई की है। होटलों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
