
बरमाणा (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर के बरमाणा क्षेत्र में 14 घंटों के भीतर दो दर्दनाक सड़क हादसे हो गए। दो अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई है। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर के कारण एक व्यक्ति का तो सिर ही धड़ से अलग हो गया। दिल दहला देने वाले इस हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहला हादसा शुक्रवार रात बैरी स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ। पुलिस के मुताबिक जुखाला गांव का हरि राम (53) एसीसी में कार्यरत था। रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी शिफ्ट पूरी करने के पश्चात घर लौट रहा था। पेट्रोल पंप के समीप अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना खतरनाक था कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों का सौंप दिया गया है।
दूसरे हादसे के दौरान शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे हरनोड़ा में भी एक बाइक सवार नैनो कार की चपेट में आ गया। पंजाब के गुरदासपुर जिला के धारीवाल कलां गांव का अमरजीत सिंह (38) एनटीपीसी में कार्यरत था। दोपहर को लंच ब्रेक के दौरान वह अपनी बाइक पर भोजन करने के लिए अपने क्वार्टर जा रहा था। अचानक हरनोड़ा के समीप आगे चल रही नैनो कार के साथ उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह नैनों कार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एएसपी भूपेंद्र कंवर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बैरी में टक्कर मारकर फरार होने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
