दो हादसों में छह लोग घायल

अंब (ऊना)। क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए हैं। एक हादसे में श्रद्धालुओं से भरी कार खाई में जा गिरी, जिसमें सवार पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। वहीं दूसरे हादसे में एक कार के पेड़ से टकराने के बाद उसमें सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। उधर, खाई में गिरे सभी घायल अंब अस्पताल में प्राथमिक उपचार लेने के बाद वहां से निकल भागे हैं। इसके चलते मामले पर पुलिस की छानबीन भी अधर में लटक गई है। दूसरे हादसे में पुलिस जांच अमल में ला रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह अंब उपमंडल के अंतर्गत पड़ते अंब-किन्नु मार्ग पर अलोह के समीप पंजाब से आए श्रद्धालुओं की कार नंबर पीबी 10एसी 7190 लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सवार नवांशहर (पंजाब) के श्रद्धालुओं में देसराज, हरमेश सहित तीन अन्य को चोटें आई हैं। वहीं दुर्घटना में कार के परखच्चे भी उड़ गए। अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी कार सवार घायल खंड चिकित्सालय अंब से अपना इलाज करवा कर बिना बताए घर चले गए हैं। वहीं अंब-ऊना मार्ग पर कुठियाड़ी के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिसमें चालक राकेश मसीह पुत्र गोयल मसीह निवासी मोहाली शहर (पंजाब) बुरी तरह जख्मी हो गया है। उसे 108 की मदद से खंड चिकित्सालय अंब लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि घायल चालक की हालत नाजुक होने के कारण उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts