
ऊना। कोटला खुर्द स्थित निजी आईटीआई के छात्रों ने संस्थान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने पिछले दो वर्षों से संस्थान के प्रधानाचार्य को ही नहीं देखा है। संस्थान में उन्हें पढ़ाने के लिए महज दो ही शिक्षक तैनात किए गए हैं। इन छात्रों ने कहा कि दोनों ही अध्यापक नदारद रहते हैं। कई बार तो दोपहर तक कोई भी शिक्षक संस्थान में नहीं पहुंचता। इन छात्रों ने उपायुक्त से भी शिकायत की है। उपायुक्त अभिषेक जैन ने शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शिकायत पत्र पर गौर किया जाएगा। संस्थान के छात्र सोमनाथ, रजत कुमार, मितेश, कपिल राणा, हरदीप सिंह, सुनील कुमार, कुलविंद्र सिंह, सतनाम, अंकित, अंकज कुमार, हरदीप, मनदीप, रमन धीमान, सतवीर, राजन, अभिषेक, जीवन, राकेश, रमन सैणी, सुरेश, संजय कुमार, गौरव कुमार व गगन कुमार आदि ने उपायुक्त से कहा कि वे इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के छात्र हैं। न तो उनके लिए संस्थान में प्रेक्टिकल की कोई व्यवस्था है और न ही संस्थान में उन्हें पढ़ाने वाला कोई है। उन्होंने यह भी आरोप जड़ा कि संस्थान के संचालक ने कई बार उनसे एनएसएस कैंप के नाम पर अपनी जमीन में कार्य करवाया। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था को लेकर संस्थान के शिक्षकों से भी इसकी शिकायत की गई, लेकिन शिक्षक और संचालक उन्हें नाम कटवाने और उनका भविष्य खराब करने की धमकी देते हैं। जब वे संस्थान में शिक्षकों की व्यवस्था करने को कहते हैं तो संस्थान संचालक उन्हें झांसा देते हैं कि एक दो दिन में टीचर आएंगे, लेकिन पिछले एक डेढ़ वर्ष से ऐसा ही चल रहा है। उनके ट्रेड से संबंधित प्रेक्टिकल के लिए भी संस्थान के पास सामान आदि नहीं है। छात्रों ने कहा कि उन्हें आज तक पता नहीं है कि संस्थान का प्रिंसिपल कौन है। उपायुक्त अभिषेक जैन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आज ही उन्हें इस संदर्भ में शिकायत पत्र मिला है।
