दो सड़क हादसों में तीन घायल

ऊना/अंब। जिले के दो स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन युवक घायल हो गए हैं। तीनों को उपचार के लिए निकटतम अस्पतालों में ले जाया गया है। एक हादसा जिला मुख्यालय के बरनोह में पेश आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने युवक को टक्कर मार दी है। दूसरे हादसे में अंब नौदान मार्ग पर बाइक स्किड होने से दो युवा घायल हो गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बरनोह में पेश आए हादसे के दौरान सड़क किनारे चल रहा 20 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र केहर सिंह निवासी चलोला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक को फौरन क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। यातायात प्रभारी मनजीत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। उधर, अंब-नादौन मार्ग पर पेश आए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा बाइक स्कीड होने से पेश आया। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब नादौन मार्ग पर दोसड़का के समीप बुधवार को देर शाम को दो युवक बाइक नंबर एचपी-36ए-1219 पर सवार होकर जा रहे थे कि अचानक बाइक स्किड हो गई, जिससे दोनों घायल हो गए। अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल स्किड होने की सूचना उनके संज्ञान में आई है, लेकिन किसी पर शिकायत दर्ज न होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।

Related posts