दो सड़क हादसों में चार जख्मी

ऊना। जिले के दो स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो युवक टकोली पंचायत के निवासी हैं, जबकि दूसरे हादसे में अरनियाला निवासी मां बेटा जख्मी हुए हैं। दोनों हादसों के घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचा दिया गया है, जबकि पुलिस ने मामलों के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। एक हादसे के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के समीप बरनोह में रविवार को पेश आए सड़क हादसे में किसी वाहन को ओवरटेक कर रही एक बाइक सामने से आ रही एक गाड़ी से टकरा गई। इसमें बाइक पर सवार दोनों युवक मुकेश कुमार पुत्र तीर्थ राम और सूरम सिंह पुत्र वतन सिंह निवासी टकोली जिला ऊना गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां सूरम सिंह की रीढ़ की हड्डी फ्रेक्चर होने के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। थानाकलां में हुए दूसरे हादसे में सत्या देवी पत्नी बाबा राम निवासी अप्पर अरनियाला अपने पुत्र नरेंद्र कुमार के साथ स्कूटर पर कहीं जा रही थी। इसी दौरान स्कूटर अनियंत्रित होेकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा। हादसे में मां-बेटा बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचा दिया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों के संदर्भ में छानबीन तेज कर दी है।

Related posts