
कुल्लू। घाटी में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को चोरों ने शीशामाटी और सरवरी में दो मकानों के ताले तोड़कर वहां से करीब एक लाख 28 हजार रुपये के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कुल्लू के शीशामाटी में किराये के मकान पर रह रहे चंबा निवासी विक्रम सिंह ने दर्ज करवाई एफआईआर में कहा है कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से 50 हजार के सोने के आभूषण चुरा लिए हैं। दूसरे मामले में सरवरी में किराये के मकान पर रह रहीं हराबाग निवासी सुषमा देवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह खरीददारी को बाजार गई थीं। वापस लौटीं तो घर के ताले टूटे पड़े थे। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और 78 हजार के सोने के आभूषण गायब थे।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर चोरों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा रखा है। जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। मामले की जांच हेड कांस्टेबल नेत्र सिंह और हेड कांस्टेबल जय सिंह कर रहे हैं।
