दो दिन में गिरफ्तार नहीं किए तो होगा आंदोलन

हमीरपुर। महिला से छेड़छाड़ मामले को लेकर बड़सर के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने प्रशासन और प्रदेश सरकार पर खूब हमला बोला। हमीरपुर में प्रेस वार्ता में कहा कि हमीरपुर में गुंडाराज बन गया है, नौ माह के कार्यकाल में दुराचार, लूट, चोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुप बैठी हुई है। पूर्व की सरकारों के समय में हमीरपुर जिला में ऐसा कभी नहीं हुआ। हमीरपुर में महिला से छेड़छाड़ के मामले में कांग्रेस के नेताओं को बचाया जा रहा है, महिला द्वारा शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरन भाजपा कार्यकर्ताओं को महिला सम्मान के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दो दिनों के अंदर आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं किया तो भाजपा फिर से सड़कों पर उतरेगी, सदर थाना के साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने सीपीएस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए होमगार्ड से महिला के खिलाफ शिकायत करवाई गई तथा पुलिस में केस दर्ज करवाया गया। मामले को दबाने के लिए होमगार्ड से शिकायत करवाई गई।
उन्होंने सीपीएस से त्याग पत्र की मांग की और कहा कि सीपीएस के त्याग पत्र के पश्चात निष्पक्ष रूप से सारे मामले की जांच हो। सही ढंग से जांच हुई तो सारी पोल खुल जाएगी। महिला को घूरने, पर भी कानून में कार्रवाई का प्रावधान है, फिर महिला की लिखित शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की। सीपीएस बताएं कि आरोपी महिला के पीछे अस्पताल तक क्यों गए थे?
निकुंज

Related posts