
अंब (ऊना)। अंब के भंजाल में मंगलवार की रात हुई सिलसिलेवार चोरियों से उपमंडलवासी सकते में हैं। भंजाल में बीती रात चोरों ने पंचायत कार्यालय व महिला मंडल भवन सहित तीन दुकानों में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह होते ही जब ग्रामीणों को इसका पता चला तो उन्होंने चोरी के संदर्भ में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भंजाल के ग्राम पंचायत कार्यालय सेे चोरों ने एलसीडी, महिला मंडल भवन से छोटे-छोटे उपयोगी सामान पर हाथ साफ करने के बाद तीन दुकानों के ताले तोड़कर मोबाइल की दुकान से हजारों के मोबाइल एवं अन्य उपकरण, साइकिल की दुकान से गल्ला एवं अन्य सामान सहित साथ सटी एक कन्फेक्शनरी की दुकान से भी हजारों रुपये का सामान उड़ा लिया। भंजाल में हुई इन चोरियों से पूरा क्षेत्र दहशत में है। वहीं लोगों का कहना है कि प्रशासन को जब पता था कि सावन अष्टमी मेले का समय है, जिसमें अन्य राज्यों से श्रद्धालु आते हैं। इन्हीं श्रद्धालुओं में शरारती तत्व भी क्षेत्र में सक्रिय हो जाते हैं। फिर भी प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए। मामले की पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
