
कुल्लू। शहर के साथ सटे ब्यासर के पास से एक महिला को पुलिस ने दो किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी संजय शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि चरस के साथ पकड़ी गई महिला को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एक गश्ती टीम ने भेखली, जिंदौड़ और ब्यासर क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी कर रही थी। इसी दौरान ब्यासर के पास शक के आधार पर एक महिला की तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया में जुट गई है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि महिला की पहचान प्रोमिला देवी के रूप में हुई है। मामले की जांच एसआई अनिल कुमार कर रहे हैं।
