दो करोड़ से संवरेगी दियोगा-चकलु सड़क

सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी कीदियोगा से गुवालु तक सड़क का जीर्णोद्धार जल्द होगा। इस 12 किलोमीटर सड़क को लोकनिर्माण द्वारा पक्का किया जाएगा। सड़क की रिपेयर के लिए लोकनिर्माण विभाग को एक करोड़ 96 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एके अबरोल ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़क को पक्का करने के लिए एक करोड़ 96 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि से सड़क की टायरिंग, मेटलिंग और पैचवर्क का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क की रिपेयर के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। शीघ्र ही इस सड़क का रिपेयर कार्य शुरू किया जाएगा। सड़क के पक्का होने से पंचायत गुवालु और करवाल के सैकड़ों लोगों को धूल से निजात मिलेगी। स्थानीय लोगों ने लोकनिर्माण के प्रयासों की सराहना करते हुए सड़क को पक्का करने के लिए विभाग का धन्यावाद किया है। स्थानीय विजय कुमार, चेत राम, लख्मी, मान सिंह, किशन कुमार, चतरो, बिहारी, चुनी लाल, मान सिंह और टेक चंद ने कहा कि मौजूदा समय मेें इस सड़क की हालत काफी दयनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब भी इस सड़क से वाहन गुजरते हैं तो लोगों को धूल मिट्टी खानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सड़क के पक्का होने से वाहन चालकों समेत राहगीरों को सहूलियत होगी।

Related posts