दो करोड़ से अधिक की लूट के लिए हुए चारों कत्ल

नई दिल्ली। विवेक विहार इलाके में उद्योगपति और उनके तीन नौकरों की हत्या दो करोड़ रुपये से अधिक की रकम लूटने के लिए की गई। देर शाम पूछताछ के बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
परिवार के मुताबिक, कुछ दिनों पहले बजरंग लाल ने करोड़ों रुपये की एक प्रॉपर्टी बेची थी। सारे रुपये घर में ही रखे हुए थे। जानकार की सूचना के बाद फुल प्रूफ प्लानिंग के साथ बदमाशों ने घर पर धावा बोलकर वारदात को अंजाम दिया। बजरंग लाल की पत्नी पुष्पा ने पुलिस को बताया है कि घर में दो करोड़ से ज्यादा की रकम रखी थी।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों को बजरंग के घर में रखी रकम की पूरी जानकारी थी। घर के सामने शाम 7 से 8 बजे के बीच पुलिस पिकेट लगती है। बदमाश इससे पहले किसी बहाने से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद 8 बजे के बाद घर से निकल गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने वारदात के बाद घटना स्थल से सबूत मिटाने का प्रयास किया है। चारों लोगों की हत्या करने के बाद बदमाशों ने फर्श पर गिरे खून को धोकर पोंछा भी लगा दिया। वहीं घर में दाखिल होने के बाद बदमाशों ने दिखाने के लिए अंदर एक कमरे के दरवाजे को ड्रिल मशीन से काट दिया। पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि ड्रिल मशीन को बदमाश अपने साथ लेकर आए थे। हालात देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ है। पुलिस उनकी कॉल डिटेल को अहम मान रही है।

Related posts