दोस्तों ने कहा, वारदात के समय म्यूजिक पार्टी में था विनय

नई दिल्ली। वसंत विहार गैंगरेप मामले में शुक्रवार को आरोपी विनय शर्मा के दो दोस्तों ने बयान दर्ज करवाए। दोनों ने कहा कि घटना के समय विनय उनके साथ म्यूजिक पार्टी में था, जिसकी उन्होंने मोबाइल क्लिपिंग भी बनाई थी।
साकेत स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश योगेश खन्ना के समक्ष मनु शर्मा और राम बाबू ने बयान दर्ज करवाए। राम बाबू ने कहा कि वह 16 दिसंबर की रात म्यूजिक पार्टी में था। उसके साथ विनय शर्मा, उसके माता-पिता, बहन-भाई व दूसरे दोस्त भी थे। वहां पर विनय ने तबला बजाया और उसकी मोबाइल क्लिपिंग बनाने के लिए कहा, लेकिन कुछ समय बाद विपिन उसका मोबाइल लेकर चला गया, इसलिए रिकॉर्डिंग नहीं कर पाया। इस मौके पर बचाव पक्ष ने लैपटॉप पर पार्टी की सीडी भी चलाकर दिखाने की कोशिश की, मगर अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता दयान कृष्णन, राजीव मोहन और एटी अंसारी ने कहा कि सीडी मोबाइल से बनाई गई है, लिहाजा पहले मोबाइल पेश किया जाए। उसके बाद अदालत ने बचाव पक्ष को मोबाइल पेश करने का निर्देश दिया। इसके बाद ही अभियोजन राम बाबू से आगे जिरह करेगा। उधर, अभियोजन पक्ष ने दोनों गवाहों के दावों को खारिज किया है। डीडीए के उद्यान विभाग से जारी एक पत्र के हवाले से अभियोजन पक्ष ने कहा कि 16 दिसंबर 2012 को डिस्ट्रिक्ट पार्क में किसी म्यूजिक पार्टी का आयोजन नहीं किया गया था। दूसरे गवाह मनु शर्मा ने भी विनय के म्यूजिक पार्टी में होने की बात दोहराई। इस दौरान अभियोजन के वकीलों ने उससे कई सवाल पूछे, जिसका उसने सही जवाब नहीं दिया। इससे अभियोजन पक्ष के वकीलों पर तिलमिलाहट साफ दिखी। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम टीम भी मौजूद थी। उसे खासतौर पर मोबाइल व सीडी की वास्तविकता जांचने के लिए बुलाया गया था, लेकिन मोबाइल पेश न किए जाने से टीम वापस चली गई।

Related posts