देहलां स्कूल के होनहार नवाजे

मैहतपुर (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को सालाना पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सतपाल रायजादा मुख्यातिथि तथा जिला परिषद सदस्य अविनाश मेनन विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना से हुआ। उसके बाद स्कूली छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। समारोह की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष राकेश चौधरी ने की। प्रिंसिपल जेआर कौशल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। स्कूली छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक जहां कुछ प्रस्तुतियों ने समाज के ताने बाने पर चोट की, बल्कि कुछ प्रस्तुतियां के माध्यम से कई संदेश भी छात्रों ने दिए। भंगड़ा पर पंडाल में मौजूद अभिभावकों को भी झूमते देखा गया। जिला परिषद सदस्य अविनाश मेनन ने जिम के लिए सामान खरीदने को एक लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों से अपील की कि वह अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने से जब गुरेज करेंगे, तो अन्य अभिभावकों को वह किस मुंह से उनके बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का संदेश दे पाएंगे। सतपाल रायजादा ने शिक्षा, खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उम्दा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कारों से नवाजा और 5100 रुपये की राशि देने का ऐलान किया।
इस मौके पर बीडीसी सदस्य कृष्णा देवी, प्रधान उजागर सिंह, पूर्व प्रधान रमा देवी, बाबा दलजीत सिंह, डाइट संस्थान के प्रिंसिपल कमलदीप सिंह, उपप्रधान लोअर देहलां दिनेश मेनन समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts