देहरा से बैरंग लौटाई गर्भवती महिला

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। आप ने फार्म नहीं भरा है, आपका अल्ट्रासाउंड नहीं होगा। ज्वालामुखी अस्पताल से देहरा एफआरयू अल्ट्रासाउंड करवाने पहुंची गर्भवती महिला को चिकित्सकों ने यह कहकर वापस भेज दिया कि आपने ज्वालामुखी अस्पताल का फार्म नहीं भरा है। गर्भवती पत्नी को टैक्सी हायर कर देहरा एफ आरयू ले गए अजय शर्मा को चिकित्सकों के इस व्यवहार ने खूब हताश किया। अजय शर्मा अपनी पत्नी शिवानी को ज्वालामुखी अस्पताल में चेकअप के लिए लाए हुए थे। चिकित्सकों ने उन्हें अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी। ज्वालामुखी अस्पताल में सुविधा न होने के चलते उन्हें सुविधाओं से लैस एफआरयू देहरा का रुख करना पड़ा। लेकिन, वहां उन्हें ज्वालामुखी अस्पताल का फार्म न भरने की बात कहकर लौटा दिया। अजय शर्मा का कहना है कि वह स्पेशल टैक्सी करके देहरा गए, लेकिन दोनों सरकारी अस्पताल होने के बावजूद उनसे दूसरे अस्पताल का फार्म भरने की बात कही गई और उन्हें लौटा दिया गया। अजय शर्मा का कहना है कि पहले वह टैक्सी करके अपनी पत्नी को घर से ज्वालामुखी अस्पताल लाए और वहां से देहरा भेजा गया। बावजूद इसके उन्हें सुविधा नहीं मिल पाई। पूरा दिन तो खत्म हो ही गया, आर्थिक रूप से भी नुकसान उठाना पड़ा।
इधर, अल्ट्रासाउंड स्पेशलिस्ट देहरा डॉ. अनिल कौशल का कहना है कि ज्वालामुखी से आई गर्भवती महिला ने ज्वालामुखी अस्पताल से फार्म नहीं भरवाया था, इसलिए अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका।
एसएमओ देहरा डॉ. गुरमीत सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नही है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Related posts