
देहरादून। लखनऊ के पराग अग्रवाल और देहरादून की सरोजनी ढौंढियाल ने 47वीं एलआईसी उत्तर मध्य क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला का खिताब जीता।
समरवैली स्कूल में आयोजित की गई प्रतियोगिता में मंगलवार को फाइनल मैच खेले गए। पुरुष वर्ग के फाइनल में लखनऊ के पराग अग्रवाल ने लखनऊ के ही जबरजीत सिंह को 7-11,11-3, 11-6, 11-7, 11-5 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। महिलाओं के फाइनल में देहरादून की सरोजनी ढौंढियाल ने अलीगढ़ की अंजू ज्ञानचंदानी को 11-4, 11-6, 11-7, 11-8 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में कानपुर के दिलीप सेन ने मेरठ के हेमंत तलवार को 7-11, 13-11, 11-4, 4-11, 11-6 से पराजित किया। जबकि महिलाओं में आगरा की सरला अग्रवाल ने इलाहाबाद की किरन गुप्ता को 11-4, 11-7, 11-8 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले सेमीफाइनल में जबरजीत ने हेमंत तलवार को 4-0 और पराग अग्रवाल ने दिलीप सेन को 4-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। महिलाओं के सेमीफाइनल में सरोजनी ढौंढियाल ने सरला अग्रवाल को 3-0 और अंजू ज्ञानचंदानी ने किरन गुप्ता को 3-1 से पराजित किया था। समापन अवसर पर एलआईसी मंडल कार्यालय के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक त्रिभुवन अधिकारी, टेबल टेनिस एकेडमी के चीफ रेफरी प्रिंस विपन, आयोजन सचिव एसके पाठक, अंतरराष्ट्रीय अंपायर गिरीश मधवाल, एससीएस रजवार आदि मौजूद थे।
