देश की सुरक्षा को मुद्दा बना रहे भाजपाई

कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक देश की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बना रहे हैं। मंडी में जयराम ठाकुर के प्रचार को आए भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ने देश की सुरक्षा को लेकर यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा के इन तीनों स्टार प्रचारकों ने कहा कि यूपीए सरकार की गलत नीतियों से आज देश संकट के दौर से गुजर रहा है। चीन भारत की सीमाओं में घुस गया और देश की सरकार कुछ नहीं कर पाई। समझौता हुआ तो भारत के सैनिकों को भी अपने कई साल पुराने बंकर तोड़ने पड़े।
भाजपा के स्टार प्रचारकों ने कहा कि कारगिल युद्ध में मनाली-लेह मार्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रोहतांग सुरंग की जरूरत को देखते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने इस योजना को धरातल पर उतरा था। इसके अलावा भानूभल्ली-लेह रेल लाइन का खाका तैयार किया था। शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल का कहना है कि आज देश सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। चीन और पाक की दोस्ती देश के लिए घातक हो सकती है। चीन दोस्ती के नाम पर भारत की पीठ में कभी छुरा घोंप सकता है। चीन ने सीमाओं पर रेल मार्ग, सड़कों, हवाई पट्टियों और छावनी बना दी है। यूपीए सरकार ने भानूपल्ली – लेह रेल लाइन की योजना ठंडे बस्ते में डाल दी है।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल ने अपने कार्यकाल में भानूपल्ली-लेह लाइन को 600 करोड़ स्वीकृत करवाए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर का कहना है कि प्रतिभा सिंह ने सांसद का चुनाव लड़ते समय जोगिंद्रनगर रेल लाइन को मंडी तक पहुंचाने की बात कही थी लेकिन दस साल में रेल लाइन एक इंच आगे नहीं खिसकी है।

Related posts