
अवाहदेवी (हमीरपुर)। शनिदेव मंदिर बगबाड़ा में महिला मंडल लोकगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्षेत्र के 41 महिला मंडलों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
प्रतियोगिता में महिलाओं ने प्रार्थना, देशभक्ति, सुहाग, जन्मदिवस और भजनों आदि की प्रस्तुतियां दीं। प्रार्थना की प्रतियोगिता में सोसायटी शनिदेव, देशभक्ति में डबोह, सुहाग में भमनोट, जन्मदिवस गायन में डबोह ने पहला स्थान प्राप्त किया। अव्वल रहे महिला मंडलों को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। प्रयास संस्था के गवर्निंग काउंसिल सदस्य धर्मचंद वर्मा ने महिलाओं को अनाथ पेंशन, महिला उत्थान, युवा रोजगार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रयास के महामंत्री विजय भंडारी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। महिला विंग की ओर से अनीता, कमलेश, वीना आदि ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अनुराग ठाकुर ने महिलाओं के कार्यक्रमों की खूब सराहना की। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये आगामी दस वर्षों तक देने की घोषणा की। उन्होंने लोस चुनावों में भाजपा को समर्थन देने की अपील की। कार्यक्रम में संजीव कुमार, जोंगेद्र वर्मा, सुरेश चंदेल, समन ठाकुर, विचित्र सिंह, अमरनाथ आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
