देव ब्राड़ता में करंट लगने से महिला घायल

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की देवब्राड़ता पंचायत में खेतों में काम कर रही महिला करंट की चपेट में आने से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देव ब्राड़ता गांव निवासी सावित्री देवी मंगलवार शाम को अपने खेतों की सिंचाई करने के लिए कूहल से पानी लगाने के लिए आई थी। जैसे ही वह खेत के बीच से गुजर रही थी तो उसे करंट का झटका लगा, जिससे वह बेहोश हो गई। काफी देर बात जब सावित्री घर नहीं लौटी तो परिजन लालटेन व टार्च लेकर खेतों की तरफ गए। देखा तो वह बेहोश पड़ी थीं। साथ ही बिजली की नंगी तार पड़ी हुई थी। महिला को बेहोशी की हालत में उपचार के लिए सरकाघाट अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सावित्री देवी के बेटे प्रेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगली सुअरों को मारने के लिए बिजली की नंगी तार खेतों में बिछा रखी थी।
डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि घायल सावित्री के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। घायल महिला के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस को टांडा मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है।

Related posts