
मनाली। मनाली के हिमाचल टैक्सी आपरेटर यूनियन के कार्यालय में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्य मंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर क्षेत्र में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भी वीरभद्र सरकार विशेष पैकेज लाने मेें नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सरकार का पूरा समय भाजपा नेताओं पर झूठे केस बनाने में बीत रहा है। विकास के लिए उनके पास समय ही नहीं है। कोठी से रोहतांग रोप वे को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना चाहिए। यदि रोप वे लगता है, तो टैक्सी से जुडे़ लोगों के रोजगार पर फर्क पडे़गा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से क्या अलर्जी है। वाजपेयी के नाम से चल रही योजनाओं को बंद कर दिया है। इस अवसर स्थानीय विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के विकास का कारण ही उन्हें दूसरी बार विधानसभा में जाने का मौका मिला। आईआईटी, नवोदय विद्यालय होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट मनाली का अंतरराष्ट्रीय माल सहित अनेक योजनाओं को अमलीजामा पूर्व भाजपा सरकार ने पहनाया। इस अवसर पर हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद, उपाध्यक्ष सिंगू राम, महासचिव मकर ध्वज शर्मा, पूर्व वन मंत्री खीमी राम, पूर्व सिंचाई मंत्री रविंद्र सिंह रवि, मनाली भाजपा के प्रवक्ता मनोज कटोच, मनाली शहरी भाजपा अध्यक्ष प्रवीण फेके तथा नगर परिषद उपाध्यक्ष चमन कपूर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे
