दुष्कर्म के आरोप में इराकी युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली। दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने इराकी युवक को गिरफ्तार किया है। विदेशी युवक पर कालकाजी में रह रही युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 30 वर्षीय जावेद मोहम्मद इराक का रहने वाला है। वह वर्ष 2011 में जामिया से एमएससी करने आया था और कालकाजी के डीडीए फ्लैट में किराए पर रह रहा था। यहां पड़ोसी में रहने वाली युवती से उसकी दोस्ती हो गई। युवती के मुताबिक जावेद से उसकी मुलाकात एक वर्ष पहले हुई थी। जल्द ही आरोपी उससे शादी करने की बात करने लगा और फिर शारीरिक संबंध बना लिए।
आरोप है कि इसके बाद जावेद युवती से दूरी बनाने लगा और जामिया की किसी दूसरी युवती से दोस्ती गांठ ली। युवती ने जब जावेद से शादी की बात की तो उसने जान से मारने और इराक भाग जाने की धमकी दी। जब युवती को पता लगा कि आरोपी इराक भागने वाला है तो उसने इसकी शिकायत कालकाजी थाना पुलिस को की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जावेद को गिरफ्तार कर लिया। जावेद का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है।

Related posts