
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल की एक ग्राम पंचायत में महिला के साथ दुराचार के मामले में पुलिस ने दुराचार के आरोपी व्यक्ति का साथ देने वाली और पूरे प्रकरण का कथित रूप से षड्यंत्र रचने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। महिला को गिरफ्तार करने के बाद मामले की छानबीन तेज कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी महिला का भी इस घिनौने कार्य में हाथ है। इसी महिला ने पीड़िता को किसी बहाने अपने घर बुलाया था, जहां पर आरोपी व्यक्ति ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता को डरा-धमका कर यह सिलसिला काफी दिनों तक चलता रहा। आखिकार पीड़ित महिला ने 24 अप्रैल को हिम्मत की थी और आरोपी की शिकायत दर्ज करवाने पुलिस थाना बंगाणा पहुंच गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और दुष्कर्म के आरोपी ज्ञान चंद को गिरफ्तार कर लिया था। बंगाणा थाना के एसएचओ रामदास कौशल ने बताया कि पीड़ित महिला की निशानदेही पर दुष्कर्म का षड्यंत्र रचने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुराचार का आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में चल रहा है।
