
दुलैहड़/ऊना। बीत क्षेत्र के दुलैहड़ गांव में अज्ञात चोरों ने सोमवार रात यूको बैंक के एटीएम को तोड़ डाला। हालांकि चोर एटीएम से नकदी चुराने में कामयाब नहीं हो पाए। वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार आधी रात को बारिश का फायदा उठाते हुए चोरों ने एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया। चोरों ने एटीएम मशीन की स्क्रीन सहित अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। उसी दौरान एटीएम की जगह किराए पर देने वाले मालिकों को एटीएम में चोर घुसे होने एवं जोर-जोर की आवाजें सुनाई दीं। एटीएम में घुसे चोरों को जैसे ही लोगों के जागने का अंदेशा हुआ, वे भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों ने एटीएम को तोड़े जाने की सूचना हरोली थाना को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। यूको बैंक के मैनेजर संदीप कुमार का कहना है कि जब वह सुबह बैंक पहुंचे तो मौके पर पुलिस पहुंच चुकी थी। उन्होंने बताया कि चोरों ने एटीएम की स्क्रीन, की-बोर्ड तोड़ डाले हैं। इसमें हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। उनका कहना है कि चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। जिला में चोरों की ओर से एटीएम तोड़ने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीत क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातों से लोगों में खौफ है। एक माह पहले दुलैहड़ बाजार स्थित इलेक्ट्रानिक की दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान उड़ाया था।
उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
चोरों के निशाने पर एटीएम
ऊना। जिला में एटीएम अज्ञात चोरों के निशाने पर हैं। हाल ही में अज्ञात दो नाकाबपोश व्यक्तियों ने बंगाणा चौक पर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था। वहीं खुरवाईं में भी एटीएम तोड़ने की घटनाएं सामने का चुकी है। हैरत की बात है कि इन मामलों में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं और बेखौफ गिरोह वारदातों को अंजाम दे रहा है।
