
उरला (मंडी)। राष्ट्रीय राजमार्ग मंडी-पठानकोट में उरला के पास सीमेंट से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। अन्यथा किसी प्रकार का बड़ा हादसा हो सकता था। घटना वीरवार देर शाम को हुई जब सुंदरनगर के धनोटू से सीमेंट लेकर पालमपुर जा रहा एक ट्रक उरला के समीप कसयाण मोड़ के पास एक तीखे मोड़ में अन्य वाहन को पास देते हुए सड़क का डंगा धंस जाने से आधा सड़क के बाहर लटक गया। हालांकि किसी प्रकार की अनहोनी होने से टल गई। ट्रक चालक आत्मा राम ने बताया कि उसने विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक को पास देने के लिए अपना ट्रक बाहर किया तो डंगे के धंस जाने से यह घटना हुई। चालक का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने नेशनल हाइवे में कच्चे डंगे लगा रखे हैं, जो इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उधर, स्थानीय ग्रामीणों का भी यही कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने यह डंगा अभी हफ्ता पहले ही लगाया था।
