दुर्घटनाग्रस्त कार में मिले नकली नोट!

अंब (ऊना)। उपमंडल मुख्यालय के चौक पर शुक्रवार देर रात बाइक सवारों को रौंदने वाली कार में नकली नोट बरामद हुए हैं। नकली नोट मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस ने भी नोटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार में पुलिस को सौ-सौ रुपए के 62 नकली नोट मिले हैं। उधर, पुलिस ने कार के फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार संख्या पीबी-08बी-4000 ने अंब चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को राैंद डाला था। जबकि कार भी टक्कर के बाद नाली में जा गिरी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पल्सर मोटरसाइकिल के टुकड़े हो गए। स्थानीय दुकानदारों ने जब तक मोटरसाइकिल सवार अजय कुमार और मंगत राम दोनों निवासी अंब को संभाला, इसी दौरान कार चालक लोगों की नजर से बच कर फरार हो गया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य कागजात के साथ सौ-सौ रुपए के 62 नकली नोट भी मिले। जो प्रथम जाली प्रतीत हो रहे हैं। अंब के डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि कार से मिले कागजात के आधार पर कार मालिक एवं चालक की तलाश की जा रही है। संबंधित स्थानों पर पुलिस की टीमें भेज दी गई हैं। कागजात के साथ मिले सौ-सौ के नोट देखने में जाली प्रतीत हो रहे हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल दोनों युवकों को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। डीएसपी ने कहा कि कार चालक ने एक पंप पर पेट्रोल भी भरवाया। पंप कर्मियों को नोट जाली प्रतीत हुए तो उन्होंने कार का पीछा भी किया। आरोपी कार चालक कार को और तेज भगाने लगा, जिससे हादसा पेश आया। कार चालक की गिरफ्तारी के साथ मामले में कई और परतें भी उधड़ेंगी।

Related posts