
कुल्लू(भाग सिंह)सदर विस क्षेत्र में हुई चुनावी जनसभाओं के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का खूब बखान किया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कारण ही हिमाचल अस्तित्व में आया है। प्रदेश में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, उनका श्रेय भी कांग्रेस को ही जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा प्रदेश का एक समान विकास किया है। कुल्लू जिले में भी कांग्रेस पार्टी ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भुंतर-मणिकर्ण मार्ग को भी डबल लेन करने की आवश्यकता है और इस पर भी विचार किया जा रहा है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया है। अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में कुल्लू जिले में भी कई विकास कार्य किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुल्लू के दुर्गम से दुर्गम क्षेत्रों में सड़कें और अन्य सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है। मणिकर्ण क्षेत्र के कई गांवों के लोग सड़क सुविधा से महरूम हैं, जहां सड़कें पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो सड़कें कच्ची हैं, वहां सड़कें पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष महाजन, जिला परिषद अध्यक्ष हरी चंद शर्मा, विधायक रवि ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कुल्लू विस अध्यक्ष उत्तम शर्मा, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा, मनु शर्मा, गोपाल कृष्ण महंत, मंडी संसदीय क्षेत्र के युकां अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, युकां महासचिव तरुण विराट महंत, कुल्लू विस युकां अध्यक्ष हीरा लाल पुजारी, बलविंद्र सिंह घुंघर आदि मौजूद थे।
