दुराचार के आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर

बड़सर(हमीरपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुराचार के आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस को अभी एक आरोपी का पता चला है लेकिन वह अभी नाबालिग है। दूसरे आरोपी के बारे में अभी तक पुलिस ढूंढ नहीं पाई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि रविवार रात को घर के पास से पड़ोसी गांव का एक युवक जबरदस्ती उसकी नाबालिग बेटी को उठाकर ले गया तथा पास के नाले में उसके साथ दुराचार किया। वहां उपस्थित एक अन्य युवक ने भी उसके साथ दुराचार किया। आरोपियों ने उसके मुंह पर कपड़ा ठूंस दिया था। महिला ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी के पड़े मोबाइल से मां को सारी घटना बताई। फोन करने के बाद फोन कर वहीं फेंक दिया था। सुबह आरोपी अपने मोबाइल को ढूंढकर ले गया। उन्होंने बड़सर पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लड़की की उम्र महज 15 साल है तथा अनुसूचित जाति से संबंधित है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन शिकायत के दूसरे दिन तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इन आरोपियों में एक आरोपी की उम्र साढ़े 17 साल है। इस कारण पुलिस जल्दबाजी में गिरफ्तारी करने से बच रही है। जबकि दूसरा आरोपी का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस अधीक्षक जगत राम ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पीड़िता को जिला अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा गया है।

Related posts