दुकान से नगदी और सामान उड़ाया

गगरेट (ऊना)। गगरेट में चोर एक दुकान मेें वारदात को अंजाम देकर हजारों रुपये का सामान एवं नगदी उड़ा ले गए। दुकान मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवा दी है। दुकानदार ने गांव के ही एक युवक पर चोरी करने का आरोप जड़ा है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुकान मालिक कुलवीर कुमार ने पुलिस को बताया कि वह गगरेट बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं के गांव के एक युवक ने रविवार सुबह उनकी दुकान से लगभग 37 हजार रुपये की नगदी, एक वीडियो गेम और तीन रिमोट चुरा लिए हैं। दुकानदार ने आरोप लगाया है कि उक्त युवक ने लगभग 40 हजार रुपये की चोरी को अंजाम दे गया है। गगरेट थाना प्रभारी विश्वास वालिया ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को थाने तलब कर पूछताछ की जाएगी

Related posts