
थानाकलां(ऊना)। क्षेत्र के गांव छपरोह में देर रात चोरों ने एक दुकान से सेंधमारी कर डाली। वारदात में अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़ कर लगभग 26 हजार की नगदी सहित चार सिलेंडर लेकर रफूचक्कर हो गए है। चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छपरोह गांव के विनोद कुमार की दुकान पर बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ कर 26 हजार 400 रुपये एवं चार गैस सिलेंडरों को चुरा लिया। दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में ही लोक मित्र केंद्र संचालित किया जा रहा था जिससे बिल जमा करने की राशि के साथ मिड हिमालय की राशी को भी दुकान में ही रखा गया था।
हैरत की बात है कि चोरी होने वाली दुकान के ठीक पीछे विनोद कुमार की रिहायश है लेकिन चोरों ने इतनी सावधानी से कार्य को अंजाम दिया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। एक सप्ताह पहले इसी पंचायत के झारखंड गांव में भी अज्ञात चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी एवं सामान को चुरा लिया था। सिलसिले बार इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आसपास के गांव के ही कुछ युवक इस कार्य में संलिप्त हो सकते हैं।
उधर बंगाणा कार्यकारी थाना प्रभारी मेहरदीन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
