
हमीरपुर। मुख्य बाजार हमीरपुर गद्दे, रजाई बनाने वाले एक दुकान में अचानक आग लग गई। आसपास के स्थानीय लोगों की फुर्ती से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान अंदर काम कर रहे एक कर्मचारी को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दुकानदार के अनुसार डेढ़ से पौने दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से पटवारी ने भी जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार कर ली है।
हमीरपुर मुख्य बाजार में दोपहर के समय गद्दे, रजाइयां बनाने वाली एक दुकान (उद्योग) में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि मजदूर फारुक अंदर काम कर रहा था, इसी दौरान शायद कोई लोहे की वस्तु मशीन में आ गई। रगड़ के कारण उत्पन्न चिंगारी साथ रखी रुई पर गिरी और उसने आग पकड़ ली। रुई के साथ रखे, गद्दों, रजाइयों ने भी आग पकड़ ली और आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया।
आसपास स्थित दुकानदारों, अन्य लोगों ने बाल्टियों के साथ ही टुल्लू पंप शुरू कर पानी फेंकना शुरू कर दिया और अंदर काम कर रहे मजदूर को बाहर निकाल लिया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड़ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग नियंत्रण से बाहर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुकानदार अश्वनी शर्मा ने बताया कि 10 से 15 क्विंटल रुई, फाइबर आग के कारण नष्ट हुए हैं। साथ ही बनाकर रखे गए तीन दर्जन गद्दे, ढाई दर्जन के करीब सिंगल, डबल बैड की रजाइयों सहित कपड़ा जल गया है जो किसी काम का नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पटवारी जगत राम ने जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार कर ली है। जल्द ही प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दी जाएगी। पुलिस ने भी घटना के बाद अश्वनी शर्मा के बयान दर्ज कर लिए हैं और छानबीन की जा रही है।
