
बड़सर (हमीरपुर)। दियोटसिद्ध में टीननुमा दुकान पर निजी सराय का छज्जा गिरने से तीन लोग दब गए। पुलिस कर्मियों की मदद से दुकान में दबे तीनों को बाहर निकाला और उन्हें बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है। घायलों में गजेंद्र यादव, राकेश कुमार तथा विक्रम कुमार निवासी बिहार के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार करीब एक बजे निजी सराय का छज्जा अचानक दुकान पर गिर गया। दुकान के भीतर तीन लोग बैठे थे जो इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। साथ ही पुलिस चौकी है, वहां से पुलिस कर्मी बचाव के लिए आ पहुंचे। उन्होंने लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बड़सर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। गजेंद्र और राकेश कुमार की हालत गंभीर होने से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय दुकानदारों ऋषि गुप्ता, सुभाष चंद, सुशील कुमार हादसे के दौरान अस्पताल में साथ आए थे। मैहरे बाजार कमेटी प्रधान विनोद लखनपाल ने घायलों का कुशलक्षेम जाना तथा प्रशासन से सहायता करने की मांग की। खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से सहायता के लिए कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा था। डीएसपी एलएम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है तथा तफ्तीश जारी है।
तीन दिन पहले सराय के छज्जे का कुछ हिस्सा गिरा था। सराय के प्रबंधक को छज्जे को सुरक्षित हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
