दुकान के लिए मार दिया मालिक

चंबा। कोर्ट में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र देने के मामले में शहर के एक दुकानदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। सदर थाना में विपन खन्ना की शिकायत पर शहर के एक दुकानदार के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। विपन खन्ना ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए हैं कि उनके किराएदार नरेंद्र कुमार ने संपत्ति विवाद के मामले में कोर्ट में उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करवा दिया और उसे कोर्ट में मृत घोषित करवा दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों गुटों में मुख्य बाजार में कुछ अरसा पहले आग में जल चुकी दुकानों के कब्जे को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। पुलिस के अनुसार नरेंद्र किराएदार पक्ष की ओर से हैं और विपन खन्ना दुकानों के मालिक पक्ष की ओर से है। खन्ना परिवार की दुकानें शहर में अगिभनकांड में जलने के बाद खन्ना परिवार ने दुकानें किराए पर देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर स्थानीय कोर्ट में केस चला हुआ था। विपन खन्ना ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र ने कोर्ट में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करवा कर उसे जीते जी मृत घोषित करने की साजिश की है।
उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि विपन खन्ना की शिकायत पर नरेंद्र के खिलाफ उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र कोर्ट में लगाने पर आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related posts