
नूरपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के हटली जंबाला गांव के एक व्यक्तिके एटीएम कार्ड से उसी गांव के एक व्यक्तिने धोखे से एटीएम कार्ड हथिया कर एक लाख 30 हजार की रकम निकाल ली। रण सिंह पुत्र गोविंद सिंह का उनके ही किसी जानने वाले ने कथित रूप से एटीएम कार्ड पिन नंबर सहित धोखे से गायब कर दिया और नूरपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 1.30 लाख रुपये की राशि निकाल ली। नूरपुर पुलिस ने रण सिंह की शिकायत पर हटली जंबाला के दुकानदार सुरेश कुमार पुत्र चुन्नी लाल के खिलाफ भादंसं की धाराओं 420, 467 तथा 468 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी नूरपुर राजेंद्र जसवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि दिसंबर 2011 को वह और सुरेश कुमार बैंक में गए और उस दिन उसने अपना एटीएम कार्ड बैंक से प्राप्त किया तथा उसने अपना एटीएम कार्ड अपने बैग में रखा। उसके बाद दोनों गांव वापस लौट गए। शिकायतकर्ता के अनुसार उसी दिन दोनों ने सुरेश की दुकान पर शराब पी और नशे में वह अपना बैग वहीं छोड़ गया। अगले दिन उसने अपना बैग दुकान से वापस लेकर अपने घर में रख दिया, लेकिन बैग को चैक नहीं किया। बाद में देखा तो उसका एटीएम कार्ड बैग से गायब था । कुछ समय बाद सुरेश ने उसका एटीएम कार्ड यह कहकर लौटाया कि यह उसे कहीं से मिला है। शिकायतकर्ता के अनुसार अपनी बेटी की सगाई को लेकर जब वह धन निकलवाने बैंक आया तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई जब उसे पता चला कि उसके बैंक खाता नंबर 488400100001956 से एटीएम के माध्यम से 1.30 लाख रुपये की राशि निकाली जा चुकी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने आरोपी से इस बाबत पूछताछ की तो वो मान गया और पैसे लौटाने के लिए तैयार हो गया, लेकिन जब सुरेश कुमार अपने वायदे के अनुसार धन राशि लौटाने से मुकर गया तो उसने पुलिस में केस दर्ज करवाया।
