दीवाली पर गले मिल धूमल और वीरभद्र

शिमला : मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीरभद्र सिंह को दीपावली ने एक-दूसरे के गले मिलवा दिया। इसे संयोग ही कहा जा सकता है कि दोनों नेता राज्यपाल उर्मिला सिंह को दीपावली की शुभकामनाएं देने राजभवन लगभग एक ही समय पहुंचे और आमना-सामना होने पर सारी तल्खी भूलकर दोनों ने गले मिलकर मानों सारे आपसी गिले-शिकवे दूर कर लिए। दोनों नेताओं का गले मिलना उनके समर्थकों में चर्चा का विषय बन गया है।

वीरभद्र सिंह ने जहां दीपावली का त्यौहार अपने निजी आवास होलीलॉज में अपने समर्थकों व परिवार के सदस्यों के साथ मनाया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी अपने सरकारी आवास ओकओवर में बड़ी संख्या में मिलने आए समर्थकों व प्रशंसकों का गर्म-गर्म जलेबियों से स्वागत कर उनके लिए दीपावली के त्यौहार को एक यादगार त्यौहार बना दिया। बाद में मुख्यमंत्री ने शिमला स्थित कस्तूरबा गांधी सर्वोदय बाल आश्रम तथा बाल आश्रम टूटीकंडी के बच्चों के साथ दीवाली मनाई। उन्होंने इन बच्चों को मिठाइयां, फल और पटाखे वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बच्चों को खुशहाल, समृद्ध एवं सुरक्षित दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि वे भगवान राम का अनुसरण करें जिन्होंने अपने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए 14 वर्ष वनवास में बिताए और इसके लिए उन्होंने सभी सुख-सुविधाओं का त्याग किया।

प्रो. धूमल ने कहा कि दीपावली का त्यौहार सत्य की असत्य पर तथा पुण्य की पाप पर विजय का प्रतीक है। उपायुक्त शिमला सुभाशीष पांडा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें बाल आश्रमों में रह रहे बच्चों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इससे पूर्व बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री के सरकारी निवास स्थान पर पहुंच कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में राजनीतिज्ञ, अधिकारी और आमजनों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुछ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री को दीपावली के अवसर पर बड़ी संख्या में केन्द्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों, पार्टी हाईकमान के नेताओं और सांसदों ने भी दूरभाष पर बधाई दी।

Related posts

Leave a Comment