दिल्‍ली में 14.90 रुपये सस्‍ती होगी CNG


नई दिल्ली: कंपनियों को घरेलू गैस उत्पादन से शत प्रतिशत आपूर्ति करने के फैसले के परिणामस्वरूप राजधानी दिल्ली में आज मध्य रात्रि से कम्प्रैस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतो में 14.90 रुपये प्रति किलोग्राम और पाइप के जरिए घरों में आपूर्ति की जाने वाली (पीएनजी) के दाम पांच रुपये प्रति घनमीटर कम हो जाएंगे।

दिल्ली और राजष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने इसकी घोषणा की है। फैसले के अनुसार नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी के दाम 16.15 रुपये प्रति किलोग्राम कम हो जाएंगे। दामों में कमी के बाद दिल्ली में वाहनों के लिए आपूर्ति की जाने वाली सीएनजी की कीमत 50.10 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 35.20 रुपये प्रति किलोग्राम रह जाएगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी 40.15 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री वीरप्पा मोइली ने मंगलवार को बताया था कि सरकार पूरे देश में सीएनजी और पीएनजी की बिक्री करने वाली कंपनियों को उनकी मांग की शत प्रतिशत आपूर्ति करेगी। पहले 80 प्रतिशत गैस की आपूर्ति घरेलू उत्पादों से की जाती थी जबकि 20 प्रतिशत कंपनियों को बाजार मूल्य पर आयातित गैस खरीदनी पड़ती थी। कहीं-कहीं तो कंपनियों को अपनी मांग पूरी करने के लिए पूरी मात्रा ही बाजार से खरीदनी होती थी।

Related posts