दिल्ली विश्वविद्यालय की पहली कटऑफ लिस्ट कल

नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2013-14 में दाखिले के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की पहली कटऑफ लिस्ट बृहस्पतिवार को आएगी। सभी कॉलेज इसको अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कॉलेज बुधवार को कटऑफ डीयू को सौंप देंगे। बारहवीं के बेहतरीन नतीजे, आवेदनों की बाढ़ और उस पर भी चार वर्षीय अंडर ग्रेजुएट कोर्स में बीटेक की डिग्री शुरू होने के चलते कटऑफ में उछाल की संभावना जताई जा रही है।
कॉलेज प्राचार्यों का कहना है कि ढाई लाख से ज्यादा आए आवेदन फॉर्म और बोर्ड के परिणामों की सीडी देखने से साफ है कि इस बार 12वीं का रिजल्ट अच्छा रहा है। नॉर्थ कैंपस के अधिकतर कॉलेजों ने कॉमर्स समेत सभी पापुलर कोर्स की कटऑफ 96 से 99 फीसदी के बीच तैयार की गई है। हालांकि प्राचार्य अभी इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हां, इतना जरूर संकेत दे रहे हैं कि पहली कटऑफ में एक से तीन फीसदी का इजाफा होगा।
सीबीएसई के 12वीं के नतीजों पर गौर करें तो पता चलता है कि दिल्ली समेत देशभर में 90 से 95 फीसदी अंक पाने वाले छात्रों की संख्या बढ़ी है। डीयू की कटऑफ में ये अंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्टूडेंट वेलफेयर विभाग के मुताबिक, इस वर्ष भी कटऑफ नीचे नहीं जाएगी, क्योंकि बीए प्रोग्राम, बीकॉम पास और साइंस प्रोग्राम की सीटों को ऑनर्स में बदल दिया गया है। यही नहीं, बीटेक के कोर्स की संख्या भी बढ़ी है। अब छात्र इसमें प्रवेश लेने में रुचि लेंगे।
इस बार भी सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है, जबकि आवेदकों की संख्या बढ़ी है। इसके अलावा 12वीं के परीक्षा परिणाम भी पिछले साल के मुकाबले बेहतर हैं। ऐसे में कटऑफ नीचे जाने की संभावना नहीं है।
-प्रोफेसर जेएम खुराना, डीन, स्टूडेंट वेलफेयर डीयू

Related posts