
नई दिल्ली। विधान चुनाव करीब देख भाजपा में दलित प्रेम जाग उठा है। दलितों के साथ सहभोज, दलित बस्तियों में जाकर उनके साथ रात में ठहरना और पदयात्रा कर उनके साथ कदमताल मिला कर राजनीतिक बिसात बिछाई जा रही है। दिल्ली का चुनाव संभालने के लिए नियुक्त किए गए भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी चुनाव की नैया पार लगाने के लिए दलित बस्ती से अभियान शुरू करेंगे। यह नजारा ठीक उसी तरह होगा जैसे पिछले चुनावी अभियान में कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी दलित बस्ती में जाकर दलितों के साथ भोजन करते दिखाई पड़ते थे।
दिल्ली के बुराड़ी ग्राउंड में दलितों के साथ सहभोज के बाद अब प्रदेश भाजपा दलितों के बीच एक रात गुजारेगी। दिल्ली प्रदेश चुनाव का कमान संभालने के बाद पहली बार भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी दलितों की बस्ती रंजीत नगर में जाकर उनसे उनका हाल पूछेंगे। पदयात्रा में प्रदेश भाजपा के कई कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की तर्ज पर पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके की दलित बस्ती में पूरी रात गुजारेंगे। भाजपा के इस दलित प्रेम से साफ झलक रहा है कि चुनावी मौसम में दलितों की याद भाजपा को सताने लगी है। उल्लेखनीय है कि दलित प्रेम को ध्यान में रख भाजपा के राष्ट्रीय नेता सुषमा स्वराज, राजनाथ, शहनवाज हुसैन समेत कई नेता दिल्ली में दलितों के साथ सहभोज कर चुके हैं। हालांकि प्रदेश भाजपा के एक विधायक और एक पार्षद पर दलित समुदाय के ही लोग कई आरोप मढ़े थे। बाद में मामले को रफा दफा कर दिया गया।
