
बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रात को पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। मंदिर क्षेत्र में आठ कर्मचारी अलग से तैनात किए गए हैं। शनिवार से शुरू हो नवरात्रों में माता के मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। बाबा बालक नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ा इजाफा होगा। नवरात्रों के मद्देनजर मंदिर न्यास ने रात को सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने के लिए पुलिस से आग्रह किया है। बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने दियोटसिद्ध मंदिर में रात को गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है। मंदिर में सुरक्षा प्रबंध के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रात को पुलिस तथा होमगार्ड के आठ जवान तैनात मिलेंगे। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए ठहरने का उचित प्रबंध है। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की उत्तम व्यवस्था होती है। मंदिर अधिकारी सुरेश पटियाल ने बताया कि मंदिर में सुरक्षा प्रबंध व्यवस्था चाक चौबंद है। पुलिस ने रात को आठ होमगार्ड और पुलिस के जवान लगाने का निर्णय लिया है। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। डीएसपी लाल मन शर्मा ने दियोटसिद्ध में रात को गश्त बढ़ाने की पुष्टि की।
