दिनभर बंद रहा हमीरपुर से सुजानपुर सड़क मार्ग

हमीरपुर/सुजानपुर। सुजानपुर-हमीरपुर सड़क मार्ग भलेठ पुल पर कंटेनर लुढ़कने से शुक्रवार को दिनभर अवरुद्ध रहा। वाहन चालकों के साथ-साथ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को बसें बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। वहीं लंबे रूटों पर बसें नहीं दौड़ पाईं।
वीरवार देररात भलेठ पुल पर एक कंटेनर का पिछला हिस्सा लुढ़क गया। कंटेनर सड़क मार्ग के बीच में फंस गया जिस कारण सड़क मार्ग शुक्रवार को दिनभर बंद रहा। देर शाम तक कंटेनर को निकाला नहीं जा सका था। देर शाम सात बजे के करीब कंटेनर को क्रेन के जरिए सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य शुरू हुआ। समाचार लिखे जाने तक सड़क मार्ग अवरुद्ध था। शुक्रवार को दिनभर सड़क मार्ग बाधित रहने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे रूट की बसें जहां निर्धारित रूट पर नहीं चल पाईं लोकल बसें सुजानपुर से भलेठ तक यात्रियों को छोड़कर वापस सवारियां लेकर सुजानपुर लौटती रहीं। हमीरपुर और नादौन से सुजानपुर जाने वाले यात्रियों को भलेठ में बसें बदलनी पड़ी। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों में प्रवेश कुमार, अखिलेश, राम कुमार, सुनील कुमार, राजेंद्र, विक्रम, सुभाष, नीरज, अनिल कुमार, प्रदीप ठाकुर, रत्न चंद, विक्रम, विकेश, पूजा, अर्चना, शौम्य, अभिषेक, रिजुल, सुधीर, प्रवेश, प्रतीक, रोशन लाल, निरंजन, कैलाश आदि का कहना है कि पहले भी पुल पर कंटेनर फंस चुके हैं लेकिन सरकार और संबंधित विभाग नए पुल का निर्माण नहीं करता है। पुल इतना तंग है कि वाहन गुजरते समय कोई व्यक्ति पुल पर खड़ा नहीं हो सकता है। उसे पुल की रेलिंग के साथ चिपकना पड़ता है। कभी भी हादसा हो सकता है लेकिन विभाग अभी तक समस्या से अनभिज्ञ बना हुआ है। लोगों ने विभाग से मांग की कि खस्ताहाल पुल की जगह जल्द नए पुल का निर्माण किया जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि शुक्रवार देर शाम तक सड़क मार्ग अवरुद्ध रहा है। कंटेनर को निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही कंटेनर के निकालकर यातायात को बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts