
पंजावर (ऊना)। हरोली के ईसपुर गांव में वीरवार सुबह काली कार में बैठकर आए कुछ लोगों ने स्कूल जा रहे एक छात्र को अगवा कर लिया। पंजाब के होशियारपुर के लिए रास्ता पूछने के बाद शातिरों ने छात्र को कार में खींच लिया और कार होशियारपुर की ओर दौड़ाई।
पंडोगा से कुछ आगे निकलने के बाद कार रुकी और कार में सवार एक व्यक्ति लघु शंका के लिए बाहर निकला। जैसे ही कार का दरवाजा खुला तो बेहद चालाकी से छात्र भी बाहर निकल गया। कार से निकलने के बाद छात्र पंडोगा की ओर दौड़ा और सामने से आ रही अन्य गाड़ियों को रोकने लगा। इस पर काले रंग की कार में सवार वारदात को अंजाम देने वाले लोग कार को होशियारपुर की ओर भगा ले गए। अपनी सूझबूझ से बालक अगवा होने से बच गया। छात्र के परिजनों ने इस संबंध में पंडोगा पुलिस चौकी को भी सूचित किया। पुलिस को जानकारी देते हुए स्कूली छात्र चंदन के पिता राजकुमार ने बताया कि उनका बेटा सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकला। तभी लगभग साढ़े आठ बजे स्कूल के रास्ते में ऊना की ओर से आ रही एक काले रंग की कार उसके पास आकर रुकी और उसमें बैठे तीन लोगों ने उससे पंजाब जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही स्कूली छात्र रास्ता बताने के लिए कार की ओर बढ़ा तो कार की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति ने उसे कार में डाल लिया। अपहरणकर्ताओं ने कुछ दूरी पर जाकर कार रोकी और पिछली सीट पर बैठा व्यक्ति जैसे ही बाहर निकला तो मौका पाकर स्कूली छात्र भी बाहर आकर भाग गया। घर आकर उसने घटना की पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। पंडोगा पुलिस चौकी के प्रभारी दुनी चंद ने घटनास्थल का मुआयना
भी किया।
डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बालक को अगवा करने की घटना की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि हालांकि इस संदर्भ में मामला आदि दर्ज नहीं हुआ है।
